Last Updated on November 10, 2024 by Ankur Sood
Shimla: Himachal Pradesh में वाहन चालकों द्वारा सड़कों पर नियमों का उल्लंघन लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा, बाहरी राज्यों से आने वाली निजी Volvo बसें भी बिना अनुमति के प्रदेश में राजस्व की चोरी करते हुए संचालन कर रही हैं। इसे देखते हुए शिमला परिवहन विभाग के हेडक्वार्टर से फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने शिमला, बिलासपुर, मंडी, और कुल्लू जिलों में चार दिवसीय विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नियमों के उल्लंघन और राजस्व चोरी के मामलों में 168 वाहनों पर 15.65 लाख रुपये के चालान किए गए, जिनमें से 12.15 लाख रुपये मौके पर ही वसूल लिए गए, जबकि 3.50 लाख रुपये अभी बकाया हैं।
स्वारघाट, मंडी और कुल्लू मार्ग पर पकड़ी गईं 104 अवैध वोल्वो बसें
परिवहन निदेशक के आदेश पर शिमला फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने विभिन्न मार्गों पर जगह-जगह नाके लगाकर निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पाया कि कई वोल्वो बसें बिना वैध परमिट के बाहरी राज्यों से हिमाचल में प्रवेश कर रही थीं। 104 वोल्वो बसों का मौके पर चालान किया गया। कुल मिलाकर, टीम ने करीब 350 वाहनों का निरीक्षण किया और 168 चालकों को नियमों का उल्लंघन करने पर दंडित किया।
बसों और ट्रकों में ओवरलोडिंग पर कसा शिकंजा
निरीक्षण के दौरान, टीम ने देखा कि कई निजी बसों में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे, और यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर भरा जा रहा था। इसी प्रकार, ट्रकों में भी निर्धारित सीमा से अधिक सामान ढोया जा रहा था, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने इन वाहनों का चालान कर निर्देश दिए कि निर्धारित सीमा से अधिक सामान या यात्रियों को वाहन में न भरा जाए।
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता
निरीक्षण के साथ ही टीम ने चालकों को सड़क हादसों से बचने के लिए नियमों का पालन करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर दुर्घटनाएं मानवीय भूल के कारण होती हैं, इसलिए सड़क पर सावधानीपूर्वक और नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाना अत्यंत आवश्यक है।
परिवहन निदेशक डीसी नेगी ने कहा कि सड़क सुरक्षा बढ़ाने और नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई के लिए विभाग ने प्रदेश भर में विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत जगह-जगह निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि हिमाचल की सड़कों पर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।




2 thoughts on “Himachal में परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई: 4 जिलों में 168 वाहनों पर लगा 15.65 लाख का जुर्माना””